Global Awareness News

Awareness is Power: Know the World

बिक्रम मजीठिया ने कंट्रोल कंपनियों के बैंक खातों में जमा किए 161 करोड़ रुपए, एसआईटी और विजिलेंस जांच में बड़ा खुलासा

बिक्रम मजीठिया ने कंट्रोल कंपनियों के बैंक खातों में जमा किए 161 करोड़ रुपए, एसआईटी और विजिलेंस जांच में बड़ा खुलासा

(Madan Singh Korotany Chief Eidter) Jalandhar/चंडीगढ़: पंजाब में अकाली दल-भाजपा सरकार में मंत्री रहे बिक्रम सिंह मजीठिया को विजिलेंस ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस का कहना है कि मजीठिया के खिलाफ ड्रग मनी और हवाला कारोबार के सबूत मिले हैं और उन्होंने इससे 540 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति बनाई है, जिसका कोई हिसाब नहीं है। करीब 30 सदस्यीय विजिलेंस अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की टीम सुबह 6.30 बजे अमृतसर के ग्रीन एवेन्यू स्थित मजीठिया के घर पहुंची। इसके बाद पूछताछ और तलाशी अभियान चलाया गया। करीब 12.30 बजे कानूनी प्रक्रिया के बाद एआईजी स्वर्णदीप सिंह के नेतृत्व में विजिलेंस की टीम मजीठिया को गिरफ्तार कर मोहाली के लिए रवाना हो गई। हालांकि, इसके बाद बाकी टीम ने शाम 4 बजे तक तलाशी अभियान जारी रखा। इस बीच मजीठिया के घर के बाहर 300 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता और हाईकोर्ट के वकील अर्शदीप सिंह कलेर ने आरोप लगाया है कि फ्लैट में दाखिल हुए विजिलेंस अधिकारियों के पास न तो कोई सर्च वारंट था और न ही वे वर्दी में थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री गुलजार सिंह रणीके, शिरोमणि कमेटी के सदस्य सुरजीत सिंह भिट्टेवड़, गुरिंदरपाल सिंह रणीके, मजीठा हलके के सरपंच भाई राजिंदर सिंह मेहता, शिरोमणि अकाली दल के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इस कार्रवाई को गलत और धक्केशाही करार दिया। इस बीच, चंडीगढ़ में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने कहा कि विजिलेंस ब्यूरो ने विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया था, जिसमें मजीठिया द्वारा बड़े पैमाने पर ड्रग मनी को सफेद करने के सबूत मिले हैं। विजिलेंस ब्यूरो और एसआईटी की जांच से साफ पता चलता है कि यह रकम ड्रग मनी को सफेद करने की थी, जिसे मजीठिया ने सराया इंडस्ट्रीज में निवेश किया था। उन्होंने कहा कि अब तक पता चला है कि नशीले पदार्थों से 540 करोड़ रुपये अवैध रूप से प्राप्त किए गए हैं, जिसके लिए मजीठिया ने एक लोक सेवक, विधायक और पूर्व पंजाब सरकार में कैबिनेट पद के रूप में अपने प्रभावी पद का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि मजीठिया और उनकी पत्नी गुणीव कौर के नाम चल और अचल संपत्ति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसके लिए आय का कोई वैध स्रोत नहीं है। विजिलेंस के अनुसार मजीठिया द्वारा नियंत्रित कंपनियों के बैंक खातों में 161 करोड़ रुपये की अवैध जमा राशि पाई गई, 141 करोड़ रुपये का लेनदेन संदिग्ध विदेशी संस्थाओं के माध्यम से किया गया और कंपनी के वित्तीय विवरण में बिना खुलासा किए 236 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि पाई गई। प्रवक्ता ने कहा कि एसआईटी ने 22 लोगों की तलाशी ली और सामान जब्त किया। तीन स्थानों पर तलाशी ली गई जिसमें 30 से अधिक मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, तीन आईपैड, दो डेस्कटॉप, कई डायरियां, संपत्ति के दस्तावेज और सराया इंडस्ट्रीज के दस्तावेज बरामद किए गए। केजरीवाल और भगवंत मान मुझे चुप कराने की साजिश कर रहे हैं: मजीठिया
अमृतसर: बिक्रम मजीठिया ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ घर पर सो रहे थे। सुबह 6.30 बजे पुलिस सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर उनके घर में घुस गई। उन्होंने कहा कि मंगलवार रात को उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। मजीठिया ने कहा कि सरकार उन्हें धमका रही है। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान घबराए हुए हैं। उन्होंने उन्हें (मजीठिया) चुप कराने के लिए यह साजिश रची है। उन्होंने कहा कि एडीजीपी सुरिंदर पाल सिंह परमार को उनके पद से हटा दिया गया क्योंकि उन्होंने यह कार्रवाई करने से इनकार कर दिया था।
हम न तो झुके हैं और न ही कभी झुकेंगे: सुखबीर बादल
चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अकाली दल बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। उन्होंने कहा कि मजीठिया द्वारा सरकार की भ्रष्ट और अनैतिक गतिविधियों को उजागर करने से मुख्यमंत्री भगवंत मान घबरा गए हैं। उन्होंने कहा कि वह मजीठिया और अन्य अकाली नेताओं की आवाज दबाने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग करके सरकार द्वारा की जा रही धौंस-धमकी से डरने वाले नहीं हैं।